बघौच मोड़ के पास बस और ट्रक में भिड़ंत, दो चालक घायल, तीन यात्रियों को आई मामूली चोटें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों 

कुशीनगर। जनपद के थाना पटहेरवा क्षेत्र अंतर्गत बघौच मोड़ के पास शुक्रवार शाम एक बस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। वहीं बस में सवार तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि बघौच मोड़ के पास एक बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई है। सूचना मिलते ही थाना पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

दुर्घटना में बस चालक नौशाद (27 वर्ष) पुत्र दिलशाद निवासी थाना मसूरी, जनपद हापुड़ तथा ट्रक चालक सियाराम (29 वर्ष) पुत्र शिव प्रसाद निवासी मझगवां, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली घायल हो गए। बस कंडक्टर यासीन (28 वर्ष) और ट्रक कंडक्टर प्रदीप (28 वर्ष) भी वाहन में मौजूद थे।

पुलिस ने दोनों घायल चालकों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं बस में सवार तीन अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई थीं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर में प्राथमिक उपचार के बाद सकुशल घर भेज दिया गया।

घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा यातायात को सामान्य कराया गया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



रिपोर्टर: ब्यूरों

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook