थाने में बेटी की चाकू मारकर हत्या, प्रेमी के साथ रहने की जिद बनी मौत की वजह
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बदौसा थाने में समझौते की बातचीत के दौरान एक पिता ने अपनी ही बेटी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी, जिससे नाराज होकर पिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही ललित कुमार वर्मा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 18 मई को घर से भाग गए थे और एक मंदिर में विवाह कर लिया था। इसके बाद वे मध्य प्रदेश के बरौंधा क्षेत्र में रह रहे थे।
युवती के पिता सत्य कुमार ने बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। जांच के दौरान पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को बरामद कर लिया और दोनों को बदौसा थाने लेकर आई। शुक्रवार को युवती के माता-पिता को भी थाने बुलाया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान युवती लगातार अपने पति के साथ रहने की बात कह रही थी। इसी बात से आक्रोशित पिता सत्य कुमार ने अचानक चाकू निकाल लिया और बेटी के पेट में कई वार कर दिए। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक असहमति और तथाकथित सम्मान के नाम पर होने वाली हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR