जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

अस्पतालों में समय से उपस्थित रहें कर्मचारी

मरीजों को बेहतर उपचार और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर | 

देवरिया।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार प्रातः 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित पाए गए, जबकि कुछ अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मियों को चेतावनी जारी कर उनकी समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान जांच के लिए आई एक गर्भवती महिला के मातृ-शिशु कार्ड का अवलोकन किया गया तथा उनका शुगर और रक्त परीक्षण कराया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि जांच से संबंधित सभी विवरण मातृ-शिशु कार्ड में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं।

जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर थ्री-ए (आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम) को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) सत्रों में सक्रिय रखा जाए तथा उनके नियमित क्षेत्र भ्रमण को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएचओ, एचईओ एवं एआरओ को भी क्षेत्र भ्रमण करने और आयोजित सत्रों में नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ड्यू-लिस्ट का नियमित सत्यापन किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों का निर्धारित रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मातृ-शिशु कार्ड को अद्यतन रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, प्रसव केंद्र, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण केंद्र सहित अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया तथा उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचें, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएं तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखें।




रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ