औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले कर्मचारी, जिलाधिकारी ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
समय से कार्यालय पहुंचें, जनसुनवाई कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें : जिलाधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रामपुर कारखाना विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव की अनुपस्थिति के संबंध में दूरभाष पर जानकारी ली। पंचायत सचिव ने स्वयं को फील्ड में होने की बात कही, जबकि इस संबंध में एडीओ पंचायत को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। वहीं बीएमएम (ब्लॉक मिशन मैनेजर) भी अनुपस्थित मिले।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति रिपोर्ट मांगे जाने पर संबंधित अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। वहीं मनरेगा कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं मिला।
इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनका वेतन रोका जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें तथा नियमित जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने चेतावनी दी कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR