मेहरौना के सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

मेहरौना के सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

स्टॉक पंजिका अद्यतन न मिलने पर जताई नाराजगी, कोटेदार को दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को मेहरौना स्थित सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक पंजिका का अवलोकन किया तथा उपस्थित उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजिका अद्यतन नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कोटेदार को इसे नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा एवं निर्धारित समय पर खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुकान पर उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की भी जांच की। उन्होंने गेहूं के एक बोरे का वजन कराकर सत्यापन कराया, जो निर्धारित मानक के अनुरूप सही पाया गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में तथा समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं शिकायत या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ