आश्रम पद्धति विद्यालय मेहरौना का डीएम ने किया निरीक्षण

आश्रम पद्धति विद्यालय मेहरौना का डीएम ने किया निरीक्षण

नए शैक्षणिक सत्र से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम पद्धति विद्यालय, मेहरौना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं, स्टेशनरी, पाठ्य-पुस्तकों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि नए सत्र के प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध स्टाफ की भी जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि विद्यालय में प्रधानाचार्य सहित सात संविदा शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि एक फार्मासिस्ट एवं एक लिपिक नियमित कर्मचारी के रूप में तैनात हैं।

उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पठन-पाठन का वातावरण तथा सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बुधवार से विद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो रहा है। ऐसे में सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को पहले ही दिन से बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ