पोषण समिति की बैठक में डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा
आशा, आंगनबाड़ी व एएनएम को नियमित होम विजिट तथा सही आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों | देवरिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बाल विकास परियोजना एवं पोषण अभियान से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को नियमित रूप से होम विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों की स्थिति का सतत अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समीक्षा बैठकों में केवल वास्तविक एवं सही आंकड़े ही प्रस्तुत किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा त्रुटिपूर्ण सूचना न दी जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित 18 पैरामीटरों पर संतृप्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए सभी मानकों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जाए।
जिलाधिकारी ने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यू-लिस्ट में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि लाभार्थियों से संबंधित अभिलेखों एवं आंकड़ों में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) सत्रों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने, सभी संबंधित कार्मिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप गतिविधियों के संचालन पर विशेष बल दिया।बैठक में उपस्थित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कमी या शिथिलता न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें, जिससे पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़े सूचकांकों में अपेक्षित सुधार परिलक्षित हो सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR