कृषकों एवं ग्रामीणों को सशक्त बनाने की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का कृषि ऋण आउटरीच कैंप आयोजित

कृषकों एवं ग्रामीणों को सशक्त बनाने की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का कृषि ऋण आउटरीच कैंप आयोजित
लगभग ₹35 करोड़ के ऋण एवं संभावित ऋण प्रस्तावों की हुई कैनवसिंग

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो।

कुशीनगर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र द्वारा देशव्यापी कृषि ऋण आउटरीच अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार, कुशीनगर में एक भव्य कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं बैंक ग्राहकों ने भाग लिया।

कैंप का उद्देश्य कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को बैंकिंग सेवाओं तथा विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ते हुए वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम के दौरान लगभग 35 करोड़ रुपये के ऋण एवं संभावित ऋण प्रस्तावों की कैनवसिंग की गई, जो क्षेत्र में कृषि एवं स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि अतींद्र सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम फैसल आलम, डीडीएम नाबार्ड राहुल वी. यादव, क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक गौरव कुमार राय एवं चंद्रिका प्रसाद सिंह सहित बैंक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कैंप में बैंक द्वारा विभिन्न सहायता एवं परामर्श काउंटर स्थापित किए गए, जहां ग्राहकों को “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान, री-केवाईसी एवं सी-केवाईसी, यूआरसी पंजीकरण, ऑनलाइन खाता खोलने की सुविधा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, किसान एवं स्वरोजगार ऋण योजनाओं सहित अन्य बैंकिंग सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं उद्यमियों की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक विभिन्न वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से सरल, सुलभ एवं त्वरित ऋण सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

वहीं वरिष्ठ प्रबंधक अमन ने उपस्थित प्रतिभागियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बैंक एवं ग्राहकों के बीच विश्वास को और मजबूत करते हैं तथा वित्तीय जागरूकता एवं समावेशन को नई दिशा प्रदान करते हैं।

कृषि ऋण आउटरीच कैंप का यह आयोजन किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र में आर्थिक विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



रिपोर्टर: व्यूरो।

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ