डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में

डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर।
सेवरही थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने और डांस करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की रात शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर हुई मारपीट के दौरान सुजीत चौहान पुत्र अमन चौहान, निवासी बसडिला पाण्डेय, थाना तुर्कपट्टी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

घटना के संबंध में थाना सेवरही पर मुकदमा अपराध संख्या 148/2026, धारा 191(2), 191(3), 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल गोड़ (19 वर्ष), गोलू रौनियार (23 वर्ष), ज्योति चौहान उर्फ अजीत चौहान (26 वर्ष) तथा दिनेश कुमार उर्फ धनंजय चौहान (19 वर्ष) निवासी वार्ड संख्या-2 अम्बेडकरनगर, थाना सेवरही शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आकाश सिंह, उपनिरीक्षक अनिल शर्मा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों द्वारा की गई।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ