मोहन सेतु निर्माण को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज, मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन
सोई हुई सरकार को जगाने के लिए जल सत्याग्रह करेंगे कांग्रेसी : रविप्रताप सिंह
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज/देवरिया।वर्षों से निर्माणाधीन पड़े मोहन सेतु के निर्माण को लेकर कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को नगरपालिका स्थित कांग्रेस कार्यालय लाजपत भवन से कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने पदयात्रा निकालकर मोहन सेतु स्थल पर धरना-प्रदर्शन किया।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने "कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद", "राहुल गांधी जिंदाबाद" तथा "बरहज की धरती करे पुकार, मोहन सेतु बनावा दो सरकार" जैसे नारे लगाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी लोग मोहन सेतु के पास पहुंचकर धरने पर बैठ गए और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह ने कहा कि वर्षों से निर्माणाधीन पड़े मोहन सेतु की ओर सरकार ने आंखें मूंद रखी हैं, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि धरने के माध्यम से शासन और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनता मोहन सेतु निर्माण की मांग को लेकर जल सत्याग्रह करेंगे, जबकि शुक्रवार को जनपद के सभी कांग्रेसजन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सेतु निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग करेंगे।
रविप्रताप सिंह ने कहा कि मोहन सेतु का निर्माण क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR