कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी ने संभाला कार्यभार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
कुशीनगर। कार्यालय जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, कुशीनगर में गुरुवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद में अपना सफल कार्यकाल पूर्ण करने के उपरांत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर आलोक सक्सेना (अवकाश प्राप्त) ने अपना प्रभार नवागत अधिकारी कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी (अवकाश प्राप्त) को सौंप दिया।
समारोह में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं कार्यालय कर्मियों ने विंग कमांडर आलोक सक्सेना को पुष्पमालाएं भेंट कर भावभीनी विदाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुशीनगर में बिताया गया समय उनके लिए बेहद सुखद और यादगार रहा। उन्हें यहां पूर्व सैनिकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा कार्यालय स्टाफ का भरपूर सहयोग, स्नेह और सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी पूर्व सैनिक को उनकी सहायता की आवश्यकता होगी तो वे हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी ने विंग कमांडर आलोक सक्सेना के कार्यों और अनुभवों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारियों तथा क्षेत्राधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होने से पूर्व सैनिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव हो सका। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पूर्व सैनिक मेजर (डॉ.) महेश वरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन डी.एस. पाण्डेय, कैप्टन शमशुद्दीन, अनिल सिंह एवं एस.पी. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय स्टाफ के प्रभाकर नाथ तिवारी, राजेश कुमार गुप्ता, धर्मशीला एवं जालंधर सहित अन्य कर्मचारियों ने किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस समारोह में पूर्व सैनिकों ने दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर: ब्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR