घायलों की मदद करना पड़ा भारी, तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंदा; दो सगे भाइयों समेत चार की मौत
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:15 बजे हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान लखनऊ की ओर से तेज गति से आ रही एक बेकाबू एसयूवी ने सड़क पर मौजूद घायलों और उनकी मदद कर रहे लोगों को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में 25 वर्षीय गुलशन पुत्र सत्रोहन निवासी सूर्यवंशम पुरवा नारायणपुर माझा, 40 वर्षीय हसन मोहम्मद पुत्र हैदर अली निवासी अलियन पुरवा नारायणपुर माझा, 27 वर्षीय इम्तियाज अली पुत्र हैदर अली निवासी अलियन पुरवा नारायणपुर माझा तथा संजय कुमार तिवारी पुत्र कृष्ण पाल तिवारी निवासी खरहटा की मौत हो गई। हसन मोहम्मद और इम्तियाज अली सगे भाई बताए गए हैं।
वहीं विनय प्रताप सिंह (26), परवेज (25), अंशुमन (10) सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल एसयूवी और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR