बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए तीन तहसीलों में आयोजित हुई राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज

बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए तीन तहसीलों में आयोजित हुई राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद की तहसील बरहज, रुद्रपुर एवं सलेमपुर में बाढ़ से बचाव तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
तहसील बरहज के ग्राम गौरा में उपजिलाधिकारी हरिशंकर लाल के नेतृत्व में डूब रहे व्यक्तियों के खोज एवं बचाव का जीवंत प्रदर्शन किया गया। राहत एवं बचाव दल के समन्वित प्रयासों से पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास कराया गया।


तहसील सलेमपुर स्थित आर.एल. एकेडमी विद्यालय में उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव के नेतृत्व में बाढ़ के दौरान भवन ध्वस्त होने की आपदा पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान मलबे में फंसे घायलों के खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार तथा राहत सामग्री उपलब्ध कराने का सजीव प्रदर्शन किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने खोज एवं बचाव कार्य संपादित किया।
तहसील रुद्रपुर के ग्राम पिड़रा में उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में खोज एवं बचाव अभ्यास कराया गया। इस दौरान डूब रहे लोगों को पीएसी की जल पुलिस टीम द्वारा सुरक्षित निकाला गया तथा चिकित्सा दल ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
आयोजित मॉक एक्सरसाइज में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के अंतर्गत गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम (आईआरटी) द्वारा अपनी भूमिका का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) में इंसिडेंट कमांडर के रूप में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर ने दायित्वों का निर्वहन किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विपिन रंजन तथा सिंचाई विभाग (बाढ़ खंड) से सहायक अभियंता अरविंद कुमार डीईओसी में उपस्थित रहे।
आपदा विशेषज्ञ पंकज कुमार द्वारा मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों एवं तहसीलों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आपदा लिपिक रंजन पांडेय, शिखा कुशवाहा, पंकज कुमार पांडेय तथा पीएसी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, पुलिस, वायरलेस एवं सिंचाई (बाढ़ खंड) विभागों का विशेष योगदान रहा।

रिपोर्टर:  ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ