डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण निष्पक्ष

डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ, कुशीनगर ब्यूरो 

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संचालन को लेकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बीआरडी इंटर कॉलेज, न्यू कॉलोनी देवरिया तथा जनता इंटर कॉलेज, सोनूघाट का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध एवं परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पर्याप्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप की जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ