35 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद का मौके पर हुआ निस्तारण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कसया, कुशीनगर। जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने ग्राम रमवलिया में वर्ष 1991 से चले आ रहे एक पुराने भूमि विवाद का मौके पर पहुंचकर निस्तारण कराया। विवाद के समाधान से दोनों पक्षों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार, ग्राम रमवलिया, थाना एवं तहसील कसया निवासी श्याम जी पांडे पुत्र स्वर्गीय गुलाब पांडे बीते 35 वर्षों से भूमि विवाद को लेकर सिविल कोर्ट, हाईकोर्ट तथा विभिन्न राजस्व न्यायालयों के चक्कर लगा रहे थे। विवाद गाटा संख्या 186, रकबा 990 वर्ग मीटर भूमिधरी भूमि से संबंधित था, जो गांव की आबादी के मध्य स्थित है।
उक्त भूमि को लेकर श्याम जी पांडे तथा अशोक पांडे, कन्हैया पांडे, चंद्रभूषण पांडे, रवि प्रकाश पांडे, योगेंद्र पांडे एवं जयप्रकाश पांडे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने गांव पहुंचकर दोनों पक्षों और ग्राम के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में वार्ता कराई तथा आपसी सहमति से मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया।
विवाद के निस्तारण के दौरान राजस्व निरीक्षक मारकंडेय, लेखपाल गौरव प्रताप, कसया थाना पुलिस तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि यह एक अत्यंत पुराना और विवादित प्रकरण था। श्याम जी पांडे ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रार्थना पत्र देकर मामले के निस्तारण की मांग की थी। जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरण का समाधान कराने के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण करा दिया गया।
भूमि विवाद के समाधान के बाद दोनों पक्षों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी वर्षों पुराने विवाद के समाप्त होने पर संतोष जताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।
रिपोर्टर: के.एन. राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR