भाटपार रानी/बनकटा देवरिया। सलेमपुर-मैरवा मुख्य मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-727ए) पर गुरुवार की अपराह्न करीब तीन बजे एक गंभीर सड़क दुर्घटना में दोपहिया वाहन सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चार पहिया वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के सिवान जनपद के रघुनाथपुर निवासी संजय कुमार अपनी बहन को एनटीपीसी गोरखपुर में परीक्षा दिलाकर निजी दोपहिया वाहन (संख्या BR29AS0682) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोहनपुर पेट्रोल पंप के पूर्व स्थित मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे अनियंत्रित चार पहिया वाहन (संख्या UP81AJ9342) ने कथित रूप से गलत दिशा में आकर उनकी दोपहिया वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय कुमार और उनकी बहन सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में संजय कुमार का दाहिना पैर गंभीर रूप से टूट गया, जबकि उनकी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। संजय कुमार सुरक्षा शिरस्त्राण पहने हुए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जान बच गई।
घायल संजय कुमार की बहन के अनुसार दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि कुछ लोगों ने वाहन का पंजीकरण संख्या नोट कर लिया है।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने रोगी वाहन सेवा को कई बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक रोगी वाहन नहीं पहुंचा। बाद में आपातकालीन पुलिस सेवा 112 के कर्मियों ने दोनों घायलों को एक तिपहिया यात्री वाहन की सहायता से मैरवा भेजवाया।
सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मैरवा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, सिवान (बिहार) भेज दिया।समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की सूचना प्राप्त नहीं हुई थी।
रिपोर्टर: ब्रजेश मिश्रा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR