टाइम्स ऑफ कुशीनगर संवाददाता
कसया ,कुशीनगर। कसया नगर क्षेत्र में संचालित कुछ होटल एवं गेस्ट हाउसों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों और सूचनाओं के बावजूद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे कानून व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
क्षेत्र में चर्चा है कि कुछ होटल संचालक बिना किसी भय के अपने प्रतिष्ठान चला रहे हैं। आरोप है कि नाबालिगों की एंट्री समेत अन्य नियमों के उल्लंघन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई दिखाई नहीं दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शिकायतें सही हैं तो संबंधित होटलों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। वहीं कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इधर जनपद के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार लगातार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते रहे हैं, लेकिन कसया क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल यह संकेत दे रहे हैं कि कहीं न कहीं जमीनी स्तर पर निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं हो रहा है।
जनता की मांग है कि पुलिस एवं प्रशासन संयुक्त रूप से होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की व्यापक जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करें, ताकि अफवाहों और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति समाप्त हो सके तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
रिपोर्टर:के. एन. राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR