आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जिले के सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय वह अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी (बिया) काटने गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे आयुष चौरसिया अपने पिता सुरेश चौरसिया और माता के साथ खेत में धान की नर्सरी काट रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। आयुष इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ