हाल-हकीकत: भाटपार रानी तहसील में दो वर्षों से स्थायी तहसीलदार का इंतजार स्थायी तैनाती न होने से प्रभावित हो रहा न्यायिक एवं राजस्व कार्य

हाल-हकीकत: भाटपार रानी तहसील में दो वर्षों से स्थायी तहसीलदार का इंतजार

स्थायी तैनाती न होने से प्रभावित हो रहा न्यायिक एवं राजस्व कार्य

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों 

भाटपार रानी, बनकटा (देवरिया)।

भाटपार रानी तहसील में पिछले लगभग दो वर्षों से स्थायी तहसीलदार की तैनाती न होने के कारण न्यायिक एवं राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे स्थानीय अधिवक्ताओं के साथ-साथ तहसील क्षेत्र की जनता को भी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से स्थायी तहसीलदार की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

इस संबंध में तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नागेश कुमार द्विवेदी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि स्थायी तहसीलदार के अभाव में राजस्व मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इसका सीधा असर अधिवक्ताओं तथा न्याय की अपेक्षा लेकर आने वाले फरियादियों पर पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए तहसील पहुंचते हैं, लेकिन स्थायी तहसीलदार की अनुपस्थिति के कारण उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। टिकमपार निवासी एक महिला का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वह लगभग सात माह से भूमि नामांतरण (खारिज-दाखिल) के मामले में तहसील के चक्कर लगा रही हैं। ऐसे अनेक मामले लंबित पड़े हुए हैं।

अधिवक्ताओं और क्षेत्रीय जनता का कहना है कि स्थायी तहसीलदार की तैनाती होने से राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा।

इस मुद्दे को लेकर पत्रकार बृजेश मिश्र ने जिलाधिकारी देवरिया मधुसूदन हुल्गी से दूरभाष पर वार्ता कर भाटपार रानी तहसील में शीघ्र स्थायी तहसीलदार की तैनाती की मांग उठाई। 4 जून 2026 को हुई इस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी को अधिवक्ता संघ एवं क्षेत्रीय जनता की मांग से अवगत कराया गया।

सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी ने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन दिया है, जिसके बाद अधिवक्ताओं और आम जनता में स्थायी तहसीलदार की तैनाती को लेकर नई उम्मीद जगी है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि जल्द ही स्थायी तहसीलदार की नियुक्ति होती है तो तहसील में लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा आमजन को राहत मिलेगी।



रिपोर्टर: ब्यूरों 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ