हल्की बरसात और हल्की हवा से घंटों बाधित हो जाती है बरहज की बिजली आपूर्ति

हल्की बरसात और हल्की हवा से घंटों बाधित हो जाती है बरहज की बिजली आपूर्ति
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया।
नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था नगरवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लोगों का कहना है कि हल्की हवा चलने या मामूली बारिश होने पर भी कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है।
बिजली कटने से लोगों को पेयजल संकट, मोबाइल चार्ज करने में परेशानी तथा इनवर्टर चार्ज न होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं व्यापारियों और मजदूरों का कामकाज भी प्रभावित होता है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
जहाज घाट पटेल नगर निवासी त्रिलोकी, शिवकुमार, गामा, राकेश, जमील, शिव आदि ने बताया कि जहाज घाट से थाना रोड जाने वाली सड़क पर लगा विद्युत पोल लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
नगरवासियों ने आरोप लगाया कि हल्की बरसात या तेज हवा चलने की आशंका मात्र से ही विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह गौतम ने बताया कि विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण यह समस्या बार-बार उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार किया जाएगा तथा जर्जर विद्युत पोल को भी बदलवाया जाएगा।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली कटौती और जर्जर पोल की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। लोगों ने मांग की है कि मौसम की आड़ में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए तथा विद्युत लाइनों का नियमित रखरखाव और मेंटेनेंस कराया जाए।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ