अवैध मिट्टी खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, विधिक कार्रवाई की संस्तुति

अवैध मिट्टी खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, विधिक कार्रवाई की संस्तुति

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | 

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम बरियारपुर में बिना वैध अनुमति के मिट्टी का खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया।

राजस्व निरीक्षक, बरियारपुर की आख्या के अनुसार क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मौजा बरियारपुर (टोला दलपिठनी के पश्चिम), तप्पा-कचुआर स्थित आराजी संख्या-325, रकबा 1.368 हेक्टेयर में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना बरियारपुर परिसर में सुपुर्द कर दिया।

वाहन चालक से मिट्टी खनन से संबंधित वैध परमिट एवं आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।

उप जिलाधिकारी सदर ने राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली के तहत अधिकतम आर्थिक दंड अधिरोपित करने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति करते हुए प्रकरण को प्रभारी अधिकारी (खनन)/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को अग्रेषित कर दिया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ