अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने विभागों को सौंपे दायित्व

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने विभागों को सौंपे दायित्व


टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 जून से 21 जून, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट आदेश पत्र समय से जारी किए जाएं, ताकि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित कर सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपदीय कार्यक्रम महात्मा बुद्ध स्थली पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम की गरिमा एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्य आयोजन से पूर्व एक और समन्वय बैठक आयोजित कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली जाए। साथ ही जनपद की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, स्वयंसेवी एवं अन्य संस्थाओं को योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता हेतु समय से आमंत्रित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप पूर्व तैयारी पूर्ण कर लें तथा सौंपे गए कार्यों का पूर्ण निष्ठा, समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, जिससे योग दिवस के आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी द्वारा 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार एवं विभागवार कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान, योग अभ्यास सत्र, संगोष्ठियां एवं विभिन्न जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योग दिवस को सफल, व्यवस्थित एवं व्यापक जनसहभागिता वाला आयोजन बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर: ब्यूरों

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ