14 माह से मानदेय न मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

14 माह से मानदेय न मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जिले की नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 14 माह से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने तथा सभी पात्र कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि सदर, निचलौल, मिठौरा और सिसवा सहित कई विकास खंडों की नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का पिछले 14 माह से मानदेय बकाया है। इसके अलावा पुरानी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मई 2017 से केंद्र सरकार के अंश का मानदेय भी अब तक लंबित है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विभाग की ओर से सभी पात्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। कई विकास खंडों में केवल 5 से 10 मोबाइल फोन ही वितरित किए गए हैं, जबकि अधिकांश कार्यकर्ता अभी भी इससे वंचित हैं। इसके कारण पोषण ट्रैकर सहित अन्य ऑनलाइन कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को कई बार शिकायतें और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए तथा सभी पात्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ