टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु योग सप्ताह का शुभारंभ रविन्द्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम, देवरिया में प्रातः 6:30 बजे मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह द्वारा महर्षि पतंजलि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। योग प्रशिक्षक यतेन्द्र विश्वकर्मा एवं पूजा मद्धेशिया द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनसामान्य को योगाभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने योग के महत्व एवं स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा की तथा जनसामान्य से योग कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह आज से प्रारंभ होकर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वृहद आयोजन के साथ सम्पन्न होगा। पूरे सप्ताह ग्राम पंचायत, ब्लॉक, तहसील एवं नगर स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और नियमित योगाभ्यास कर अपने शरीर को निरोग रखें।
उन्होंने कहा कि योग से मन एवं शरीर दोनों स्वस्थ रहते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए तथा नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद के सभी ब्लॉकों, तहसीलों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 21 जून 2026 तक विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष), डॉ. सृजन राय, डॉ. रजनीश यादव, डॉ. हेमंत यादव, संजय कुमार पाण्डेय, शफीक अहमद, परितोष सिंह सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR