महराजगंज पुलिस ने 105 गुम मोबाइल किए बरामद, 31 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए


टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। जनपद की सर्विलांस सेल ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए 105 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत सर्विलांस सेल ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए मोबाइल फोन की खोजबीन की। टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, आईएमईआई नंबर ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से गुम मोबाइलों का पता लगाया।

जानकारी के अनुसार, जनपद के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों और प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर सर्विलांस सेल ने लगातार तकनीकी निगरानी की। इसके परिणामस्वरूप 105 मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए।

बरामद मोबाइलों को पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस और सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के कारण यह संभव हो पाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल की ट्रैक किया जा सके ।

रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ