विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम की पैनी नजर, बच्चों से पूछे सवाल

 विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम की पैनी नजर, बच्चों से पूछे सवाल

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर, शिक्षकों को दिए आवश्यक निर्देश

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जनपद में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार सुबह करीब नौ बजे प्राथमिक विद्यालय दानोपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन और विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का गहन जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे संवाद कर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उनमें मेहनत व अनुशासन की भावना विकसित की जाए।

सबसे पहले जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दो एवं पांच के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा दो के बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाई तथा कक्षा पांच के विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित का सवाल हल कराया। बच्चों द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सराहना की और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।


इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय में नामांकन की स्थिति की जानकारी लेने के साथ कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की तथा शिक्षकों को इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में एक ओर बाउंड्रीवाल न होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य एवं शिक्षामित्र पिंकी राय उपस्थित रहीं, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र में प्रधानाध्यापक अर्चना सिंह एवं सहायक अध्यापक पूनम सिंह मौजूद रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ