तरबूज बचाने के विवाद में बछड़े पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवीन मंडी के पास एक व्यक्ति द्वारा बछड़े पर चाकू से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अमवा बरगदवा निवासी जसमुद्दीन खान नवीन मंडी के पास तरबूज बेच रहा था। इसी दौरान वहां घूम रहे एक बछड़े ने तरबूज खाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर जसमुद्दीन ने पास में रखे चाकू से बछड़े पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची नौतनवा पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घायल बछड़े का तत्काल उपचार कराया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है तथा कहा है कि पशु क्रूरता के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR