जीर्णोद्धार के बाद नए स्वरूप में दिखा कृषि भवन, कृषि मंत्री ने किया लोकार्पण

 जीर्णोद्धार के बाद नए स्वरूप में दिखा कृषि भवन, कृषि मंत्री ने किया लोकार्पण

किसानों तक आधुनिक तकनीक और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को जीर्णोद्धारोपरांत कृषि भवन का फीता काटकर एवं शिलालेख का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिसके कारण विभागीय कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों और विभागीय कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं व्यवस्थित हो गया है, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी।

उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आधुनिक एवं नवाचारी कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाकर उन्हें अधिक लाभान्वित करने का प्रयास किया जाए।

कृषि मंत्री ने जनपद में निर्माणाधीन कृषि परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को समय से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बैतालपुर स्थित कृषि प्रशिक्षण केंद्र में कृषि विभाग के अलावा अन्य विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कराने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुके भेंट कर कृषि मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कृषि परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

लोकार्पण समारोह में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, श्रीनिवास मणि, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ