बयानबाजी नहीं, मोहन सिंह सेतु का निर्माण पूर्ण कराए सरकार : कनकलता सिंह

बयानबाजी नहीं, मोहन सिंह सेतु का निर्माण पूर्ण कराए सरकार : कनकलता सिंह

टाइम्स आफ कुशीनगर व्यूरों 

बरहज, देवरिया। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में देवरिया दौरे के दौरान निर्माणाधीन मोहन सिंह सेतु को लेकर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं समाजवादी पार्टी की नेत्री कनकलता सिंह ने सरकार से सेतु निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।

उन्होंने जारी बयान में कहा कि मोहन सिंह सेतु के निर्माण के लिए पूर्व सपा सरकार द्वारा केवल प्रतीकात्मक राशि नहीं, बल्कि कुल 51 करोड़ रुपये जारी किए गए थे, जिसके चलते पुल का लगभग दो-तिहाई निर्माण कार्य पूरा हो चुका था। साथ ही किसानों को भूमि अधिग्रहण के एवज में लगभग 4 करोड़ रुपये मुआवजा भी दिया गया था।

कनकलता सिंह ने कहा कि सपा सरकार के जाने के बाद लगभग नौ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सेतु निर्माण अधूरा पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिले के अधिकांश जनप्रतिनिधि और सत्ता पक्ष से जुड़े पदाधिकारी भाजपा से हैं, तब भी परियोजना लंबित क्यों है।

उन्होंने बताया कि मोहन सिंह सेतु की मांग स्थानीय लोगों ने समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के समक्ष रखी थी, जिसके बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उनके अनुसार, यह सेतु उनके दिवंगत पिता और वरिष्ठ समाजवादी नेता मोहन सिंह की स्मृति से जुड़ा होने के कारण भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है।

पूर्व सांसद ने प्रदेश सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जाना चाहिए।

कनकलता सिंह ने वर्तमान जनप्रतिनिधियों पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूर्वांचल, विशेषकर गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज के विकास पर विशेष ध्यान देने तथा मोहन सिंह सेतु निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराकर कार्य पूरा कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि “बयानबाजी से ज्यादा जरूरी है कि वर्षों से अधूरी पड़ी परियोजनाओं को पूरा कर जनता को उसका लाभ दिया जाए।”



रिपोर्टर: पवन कुमार पांडेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ