प्रधान–सचिव को नोटिस, चंदरपुर ग्राम पंचायत में ग्राम निधि दुरुपयोग का आरोप,

चंदरपुर ग्राम पंचायत में ग्राम निधि दुरुपयोग का आरोप

प्रधान–सचिव को नोटिस


टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो,  
रामकोला ,कुशीनगर।ग्राम पंचायत चंदरपुर में ग्राम निधि के कथित दुरुपयोग का मामला एक बार फिर सामने आया है। आरोप है कि इंटरनेट और वाईफाई के नाम पर सरकारी धनराशि सीधे ग्राम प्रधान के व्यक्तिगत खाते में भेजी गई, जबकि गांव में ऐसी कोई सुविधा मौजूद ही नहीं है।
शिकायत के अनुसार, पूर्व ग्राम सचिव द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए इंटरनेट व वाईफाई मद में 32,500 रुपये की राशि ग्राम प्रधान के निजी खाते में ट्रांसफर कर दी गई। नियमानुसार सरकारी धन केवल निर्धारित खातों और कार्यों पर ही खर्च किया जा सकता है, न कि व्यक्तिगत खाते में।
इसके अलावा 6 जून 2025 को “इंटरनेट रिचार्ज” के नाम पर 24,000 रुपये का भुगतान दर्ज किया गया, जबकि मौके पर ऐसी कोई वाईफाई सुविधा उपलब्ध नहीं थी। भुगतान विवरण में “नेट रिचार्ज प्रधान द्वारा कराया गया” लिखा होना भी सवालों के घेरे में है।
वर्तमान ग्राम सचिव जयप्रकाश सिंह की भूमिका पर भी ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं और बिना स्थल निरीक्षण के ही फाइलों में काम पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया जाता है।
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि वर्ष 2023 की जांच रिपोर्ट में भी कई अनियमितताएं उजागर हो चुकी हैं। रिपोर्ट में इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण और विकलांग प्रशिक्षण केंद्र जैसे कार्यों में मौके पर काम न होने के बावजूद भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई थी।
ताजा मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) आलोक प्रियदर्शी ने प्रधान और सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने पूछा है कि जब गांव में वाईफाई सुविधा ही मौजूद नहीं थी, तो 24,000 रुपये का भुगतान किस आधार पर किया गया।ग्रामीणों में इस पूरे प्रकरण को लेकर रोष है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की जा रही है।



रिपोर्टर: व्यूरों

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ