यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे में आंधी-बारिश की संभावना
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, मध्यम बारिश तथा तेज हवाओं के साथ तूफान आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, मऊ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, संत कबीर नगर, शामली, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर शामिल हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा आवश्यक सावधानियां बरतें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए पहले से इंतजाम कर लें।
स्थानीय प्रशासन द्वारा हालात पर नजर रखी जा रही है और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR