स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल की शिकायतों पर विद्युत विभाग का स्पष्टीकरण
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।जनपद में स्मार्ट मीटर से अधिक बिजली बिल आने की शिकायतों के बीच विद्युत विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। अधीक्षण अभियंता राकेश मोहन ने बताया कि अब तक लगाए गए लगभग 3200 स्मार्ट मीटरों के साथ चेक मीटरों की जांच में बिजली खपत (यूनिट) समान पाई गई है और कहीं भी अतिरिक्त यूनिट दर्ज नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अधिक बिल प्रतीत होने का मुख्य कारण पुराने सामान्य मीटर में संचित यूनिट का स्मार्ट (प्रीपेड) मीटर में एक साथ जुड़कर आना है। यह एक बार की प्रक्रिया होती है, जिसके बाद बिल वास्तविक खपत के अनुसार ही आएगा।विभाग के अनुसार वर्तमान में स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड प्रणाली की तरह उपयोग करने की व्यवस्था लागू है, जिससे उपभोक्ता पहले की तरह मासिक बिल जमा कर सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता राकेश मोहन ने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को कई लाभ मिलते हैं। इसमें बिजली दरों में संभावित छूट, दैनिक खपत की जानकारी, रीडिंग में पारदर्शिता, मोबाइल ऐप के माध्यम से रिचार्ज, एसएमएस अलर्ट तथा आकस्मिक क्रेडिट सुविधा शामिल हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे टोल फ्री नंबर 1912 पर 24 घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR