जनगणना-2027 : घर बैठे करें स्व-गणना, 07 से 21 मई तक चलेगा विशेष अभियान — जिलाधिकारी

 जनगणना-2027 : घर बैठे करें स्व-गणना, 07 से 21 मई तक चलेगा विशेष अभियान — जिलाधिकारी

मोबाइल से 8 आसान चरणों में भरें स्व-गणना प्रपत्र, प्राप्त करें स्व-गणना पहचान संख्या

जनगणना अधिकारी के सत्यापन के समय केवल स्व-गणना पहचान संख्या दिखानी होगी

जनपदवासी स्व-गणना कर अभियान को सफल बनाएं — जिलाधिकारी

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो, जनगणना-2027

कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों को अवगत कराया है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से नागरिक अब अपने मोबाइल फोन अथवा कंप्यूटर के जरिए घर बैठे स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।स्व-गणना हेतु निर्धारित पोर्टल पर जाकर नागरिक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया के अंतर्गत परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद नागरिक अपनी सुविधा अनुसार हिंदी, अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं में से किसी भी भाषा का चयन कर सकते हैं।

इसके बाद राज्य, जनपद, गांव अथवा नगर, मकान संख्या एवं स्थान संबंधी जानकारी भरते हुए मानचित्र पर अपने घर को लाल चिन्ह से चिह्नित करना होगा। पोर्टल पर परिवार एवं मकान से जुड़े लगभग 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, दूरदर्शन, वाहन तथा परिवार के सदस्यों की संख्या आदि विवरण शामिल होंगे। प्रत्येक प्रश्न के साथ उपलब्ध जानकारी संकेत पर क्लिक कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

संपूर्ण विवरण भरने के बाद “जमा करें” विकल्प दबाने पर नागरिकों को एक स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। जब जनगणना अधिकारी अथवा प्रगणक सत्यापन के लिए घर पहुंचेगा, तब केवल उक्त पहचान संख्या दिखानी होगी और दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लें तथा अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही प्रगणकों एवं जनगणना कर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें।


स्व-गणना की 8 चरणों वाली सरल प्रक्रिया

निर्धारित पोर्टल खोलें, मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें, भाषा का चयन करें, पता एवं स्थान संबंधी विवरण भरें, परिवार एवं मकान संबंधी जानकारी दर्ज करें, विवरण जांचकर जमा करें, स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त कर सुरक्षित रखें तथा सत्यापन के समय प्रगणक को पहचान संख्या दिखाएं।

जनगणना-2027 देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय एवं विकासात्मक प्रक्रिया है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही सटीक एवं प्रभावी जनगणना सुनिश्चित की जा सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ