स्व-जनगणना अभियान में देवरिया को प्रदेश में 16वां स्थान
जनपद न्यायाधीश ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण, अभियान में तेजी से बढ़ रही जनभागीदारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित स्व-जनगणना अभियान में जनपद देवरिया ने प्रदेश स्तर पर 16वां स्थान प्राप्त किया है। लगातार बढ़ रही जनभागीदारी के चलते जनपद स्व-जनगणना अभियान में तेजी से प्रगति कर रहा है।
इसी क्रम में चल रहे अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना प्रभारी रामशंकर ने जनपद न्यायाधीश, प्रमुख न्यायाधीश परिवार न्यायालय तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश से मुलाकात कर उनकी ऑनलाइन स्व-जनगणना कराई। स्व-जनगणना पूर्ण होने के बाद पोर्टल से जनरेटेड आईडी भी प्राप्त हुई।
अपर जिलाधिकारी रामशंकर ने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्व-जनगणना की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि गणनाकर्मी के घर पहुंचने के समय कोई व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं रहता या किसी कार्य में व्यस्त होता है, तो ऐसी स्थिति में स्व-जनगणना की सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। इससे जनगणना कार्य सरल एवं सुगम तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि सभी लोग इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा स्वयं ऑनलाइन स्व-जनगणना कर जनगणना कार्य को आसान और सुविधाजनक बनाने में सहयोग दें। साथ ही अपने आसपास एवं पड़ोस के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया मोबाइल फोन के माध्यम से भी आसानी से पूरी की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्व-जनगणना के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें और गणनाकर्मी के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण हो सके।
उन्होंने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई को 639 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराने से जनपद की प्रगति 84.35 प्रतिशत रही। 8 मई को 1290 लोगों के पंजीकरण से उपलब्धि बढ़कर 86.35 प्रतिशत हो गई। वहीं 9 मई को 2390 लोगों द्वारा स्व-जनगणना किए जाने के बाद प्रगति 87.59 प्रतिशत तक पहुंच गई।
इसके बाद 10 मई को 4800 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराए जाने से जनपद ने 91.47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की, जबकि 11 मई को 10 हजार लोगों द्वारा स्व-जनगणना किए जाने के साथ जनपद ने 94 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया।


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR