निपुण संकल्प कार्यशाला में शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर

निपुण संकल्प कार्यशाला में शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में जनपद में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के उद्देश्य से “कक्षा में बदलाव, कैच-अप शिक्षण एवं पठन संस्कृति के माध्यम से निपुण भारत की ओर” विषयक निपुण संकल्प कार्यशाला का आयोजन एमराल्ड सफारी, गौरा में किया गया। कार्यशाला में देवरिया एवं कुशीनगर के एआरपी, एसआरजी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह तथा सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), गोरखपुर मंडल संगीता सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देवरिया के एसआरजी उपेंद्र उपाध्याय एवं कुशीनगर के एसआरजी राम प्रकाश पांडेय भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी एआरपी, एसआरजी, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों से बेसिक शिक्षा के विभिन्न आयामों को आत्मसात करते हुए जनपद को निपुण जनपद बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निपुण उत्तर प्रदेश के तहत निर्धारित सभी प्रावधानों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि कक्षा में बदलाव, कैच-अप शिक्षण एवं पठन संस्कृति निपुण भारत मिशन की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यालयों में आनंददायक, सुरक्षित एवं समावेशी शिक्षण वातावरण विकसित करने, नियमित अभ्यास, सतत मूल्यांकन, समयबद्ध फीडबैक तथा 15 दिवसीय कैच-अप अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।

कार्यशाला में राज्य परियोजना कार्यालय से आए विशेषज्ञ शुभम एवं करिश्मा ने ‘निपुण संकल्प’ की अवधारणा, कक्षा में बदलाव के 10 सूत्र, कैच-अप शिक्षण के 15 सूत्र तथा निपुण प्लस ऐप के माध्यम से आकलन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।


इस दौरान विद्यालयों में पठन संस्कृति विकसित करने के लिए रीडिंग कॉर्नर, रीडिंग क्लब, डीईएआर अभियान, सुपर-20/30 पाठक पहल, समाचार-पत्र वाचन एवं चर्चा जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन एसआरजी टीम ने किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सत्य प्रकाश कुशवाहा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) आशुतोष शुक्ला, जिला समन्वयक (निपुण) गोरख यादव एवं मधुरेंद्र शुक्ला सहित दोनों जनपदों के एआरपी, एसआरजी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ‘निपुण संकल्प’ लेते हुए प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ