शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु एसडीएम से मिले पत्रकार सह समाजसेवी संदीप पाण्डेय

 शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु एसडीएम से मिले पत्रकार सह समाजसेवी संदीप पाण्डेय

एसडीएम आकांक्षा मिश्रा को भेंट की भगवद गीता, सुधार को लेकर रखे ठोस सुझाव

ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों की स्थिति सुधारने पर हुई विस्तृत चर्चा

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

तमकुहीराज, कुशीनगर।तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के पत्थरवां गांव निवासी युवा पत्रकार एवं समाजसेवी संदीप पाण्डेय ने ग्रामीण अंचल में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसी क्रम में बुधवार शाम उन्होंने तहसील तमकुहीराज की उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा से मुलाकात कर परिषदीय विद्यालयों की स्थिति सुधारने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान संदीप पाण्डेय ने एसडीएम को भगवद गीता भेंट की और शिक्षा सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों को सशक्त बनाना और गरीब परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।

मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह जब भी किसी प्रशासनिक अधिकारी से मिलते हैं, तो गीता भेंट करना अपनी परंपरा मानते हैं। उन्होंने एसडीएम के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उन्हें शांत, समझदार और सकारात्मक सोच वाला अधिकारी बताया।

वार्ता के दौरान संदीप पाण्डेय ने यह भी मुद्दा उठाया कि गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन से सरकारी स्कूलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे वे बंद होने की कगार पर पहुंच रहे हैं। इस पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

साथ ही उन्होंने शेखर दीक्षित के प्रयासों का उल्लेख करते हुए गरीब किसान परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की बात कही।

उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ