कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक का हजारों लोगों ने किया भव्य स्वागत
पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद कुशीनगर आगमन पर हुआ जोरदार स्वागत
चुनाव में अहम भूमिका निभाने के बाद पहली बार पहुंचे विधायक
करीब 500 गाड़ियों के काफिले ने बढ़ाया जनउत्साह
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद बुधवार को कुशीनगर पहुंचे विधायक पी.एन. पाठक का हजारों समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच विधायक का अभिनंदन किया गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद विधायक पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान करीब 500 गाड़ियों का विशाल काफिला गोरखपुर से होते हुए कसया पहुंचा। रास्ते भर समर्थकों ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया।
15 मील, हाटा-गोरखपुर चौराहा, केन यूनियन चौराहा हाटा, हेतिमपुर टोल प्लाजा, महुआडीह मोड़, पकवा इनार, कुशीनगर चौराहा और कसया सहित कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। समर्थकों ने “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
बताया जा रहा है कि विधायक ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले समेत कई क्षेत्रों में चुनाव प्रचार और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR