शमशान घाट के सुंदरीकरण को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, 

देवरिया। सोमवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थानीय शाखा के तत्वावधान में कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भागलपुर शमशान घाट के सुंदरीकरण और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार बरहज को सौंपा गया।

कार्यक्रम के तहत भागलपुर मुख्य चौराहे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने पदयात्रा निकालते हुए शमशान घाट तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता चंद्रभूषण पाण्डेय ने कहा कि भागलपुर का शमशान घाट वर्षों से विकास से वंचित है। जबकि सरकार अन्य श्मशान घाटों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है, वहीं यहां शवदाह के लिए आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह ने कहा कि भागलपुर के कालीचरण शमशान घाट मुक्ति धाम पर अव्यवस्थाओं का साम्राज्य फैला हुआ है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि शमशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कराया जाए तथा पक्का घाट एवं सीढ़ियों का निर्माण किया जाए, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए टिन शेड, शुद्ध पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान ओमप्रकाश यादव, रामेश्वर जायसवाल, उदयशंकर सिंह, उदयभान सिंह, नन्द कुमार सिंह, अलाउद्दीन अंसारी, आचार्य हरेंद्र, भोलू अहमद, सेराज, अनूप, मन्नू मौर्या, मुन्ना पटेल, डॉ. नरेंद्र यादव, संजय गुप्ता, भानुप्रताप सिंह, श्रीपती प्रसाद, मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ