उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

जिला उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की बैठक सम्पन्न

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, 

कुशीनगर। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बैठक में मेसर्स सीएससी कुशीनगर सठियांव यूपी फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, फाजिलनगर के इकाई स्थल तक संपर्क मार्ग निर्माण के मामले में नगर पंचायत फाजिलनगर के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पुनः टेंडर प्रक्रिया कराई जा रही है तथा अगली बैठक से पूर्व कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।

वहीं मेसर्स नेबुआ कृषक उत्थान प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, जईछपरा नौरंगिया स्थित गुड़ उद्योग इकाई के संपर्क मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में राजस्व विभाग ने बताया कि नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर दी गई है तथा शीघ्र जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

मेसर्स उद्गम पब्लिक स्कूल, बकुलहा रोड पडरौना के परिसर से सटे विद्युत तार हटाने के प्रकरण में विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि पोल लगाए जा रहे हैं तथा एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।


मिनी औद्योगिक आस्थान सरगटिया करनपट्टी, दुदही में विद्युत आपूर्ति सुधार के संबंध में विद्युत लोड का पुनः आकलन कर शीघ्र कार्य प्रारम्भ कराने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग सेवरही को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना एवं एमवाईएसवाई योजना की समीक्षा करते हुए बैंकों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही जीबीसी-5 के अंतर्गत विभागों को आवंटित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों का निस्तारण एक सप्ताह में करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं का समाधान भी संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, सहायक उपायुक्त उद्योग आलोक कुमार गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी संघ के अध्यक्ष रामअशीष जायसवाल एवं अन्य उद्यमी और व्यापारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ