राजस्व वसूली और आईजीआरएस की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर, राजस्व वसूली और आईजीआरएस की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

टाईम्स आफ कुशीनगर ब्यूरों

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर, राजस्व वसूली, राजस्व वादों के निस्तारण, आईजीआरएस तथा सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली एवं राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए और शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण पर जोर दिया, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

बैठक में विभागवार कर एवं करेत्तर वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और अधिकारी नियमित अनुश्रवण कर वसूली कार्य में तेजी लाएं।

राजस्व न्यायालयों से जुड़े पीठासीन अधिकारियों को न्यायालयों के कार्य दिवस बढ़ाने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से धारा 24 और 116 से संबंधित पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और फरियादियों को समय पर न्याय उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक समाधान के आधार पर किया जाए। मौके पर जांच कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए और सही फीडबैक दर्ज किया जाए।

उन्होंने कहा कि आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकता वाले विषय हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: अजय कुमार त्रिपाठी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ