आठ साल से फरार 25-25 हजार के इनामी दंपती गिरफ्तार, भाई की हत्या का आरोप
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद पुलिस ने आठ साल से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर अपने ही भाई की हत्या कर फरार होने का आरोप है। पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बृजमनगंज थाना क्षेत्र से दोनों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 54 वर्षीय दिनेश गिरी पुत्र सुंदर उर्फ रमेश गिरी तथा उनकी पत्नी 53 वर्षीय विमला गिरी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से नेपाल के कपिलवस्तु जिले के निवासी बताए गए हैं।
बताया गया कि 10 मई 2019 को जमीन विवाद को लेकर दिनेश गिरी और विमला गिरी ने दिनेश के भाई घनश्याम गिरी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी और बाद में दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विमला गिरी को सूर्यमानपुर कांछा चौराहा से तथा दिनेश गिरी को लेदवा चौराहा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि घटना के बाद दोनों नेपाल के कपिलवस्तु जिले के यशोधरा गांव पालिका वार्ड-03 बसंतपुर में छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR