नेपाल में भारतीय ट्रकों पर बढ़ी सख्ती, ओवरलोडिंग पर लग रहा भारी जुर्माना

 नेपाल में भारतीय ट्रकों पर बढ़ी सख्ती, ओवरलोडिंग पर लग रहा भारी जुर्माना

10 हजार नेपाली रुपये के चालान से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और चालकों में नाराजगी

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। नेपाल में नई यातायात व्यवस्था लागू होने के बाद भारतीय मालवाहक ट्रकों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। 28 अप्रैल से नेपाल यातायात पुलिस द्वारा भारत से नेपाल जाने वाले ट्रकों की जांच कर ओवरलोडिंग पाए जाने पर 10 हजार नेपाली रुपये का चालान किया जा रहा है। इस कार्रवाई से भारतीय ट्रांसपोर्ट यूनियनों और ट्रक चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार नेपाल सरकार द्वारा लागू नए नियमों के तहत 14 चक्का ट्रक में 25 टन तथा 12 चक्का ट्रक में 21 टन से अधिक भार पाए जाने पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। ट्रक यूनियन का कहना है कि पहले इन्हीं मानकों पर किसी प्रकार की सख्ती नहीं की जाती थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद अचानक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

सोनौली बॉर्डर ट्रक यूनियन के अध्यक्ष पप्पू खान ने बताया कि नए आदेश के कारण कई दिनों तक ट्रकों को भारतीय सीमा में रोककर इंतजार कराया गया। अब ट्रक चालकों को 10 हजार नेपाली रुपये का जुर्माना भरने के बाद ही नेपाल में प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई मुख्य रूप से सोनौली बॉर्डर से नेपाल जाने वाले ट्रकों पर केंद्रित है।

दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से आए ट्रक चालकों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। उनका कहना है कि सोनौली बॉर्डर पर पहले से ही 5 से 6 दिनों तक लंबी कतार में इंतजार करना पड़ता है, वहीं अब भारी जुर्माने की कार्रवाई से आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।


ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक जारी रही तो भारत-नेपाल व्यापार पर भी इसका असर पड़ सकता है। वहीं ट्रक यूनियन ने चेतावनी दी है कि नियमों में संशोधन नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ