ईंट भट्ठे के पानी भरे गड्ढे में दफन हो गईं तीन मासूम जिंदगियां, जिलाधिकारी ने जताया शोक
प्रत्येक पीड़ित परिवार को 4 लाख सहायता राशि, जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति गठित
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। थाना कसया क्षेत्र के ग्राम गैनपुर तप्पा मैनपुर स्थित पंकज ईंट उद्योग (आरएम मार्का ईंट) पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईंट निर्माण कार्य के लिए भट्ठे के समीप खोदे गए गड्ढे में बरसात का पानी भरा हुआ था। उसी स्थान के पास खेल रहे बच्चों में एक बच्चा अचानक पानी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में क्रमशः दो अन्य बच्चे भी गड्ढे में गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों में अनन्या पुत्री लक्षन (उम्र लगभग 7 वर्ष), अभय पटेल पुत्र पंचू पटेल (उम्र लगभग 3 वर्ष) तथा अनुष्का पुत्री सुखेन्द्र (उम्र लगभग ढाई वर्ष) शामिल हैं। सभी बच्चे जनपद बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं और उनके परिजन ईंट भट्ठे पर श्रमिक के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों बच्चों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रविंद्रनगर मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रत्येक मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से 4-4 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने विस्तृत जांच के लिए 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति में उपजिलाधिकारी कसया को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि क्षेत्राधिकारी कसया, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा खनन अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि गठित समिति पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर तीन कार्यदिवस के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करे।


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR