नेपाल के नागरिकों से नौकरी और पढ़ाई के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर |
कुशीनगर।ब्यूरो जनपद कुशीनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल के नागरिकों को नौकरी, पढ़ाई और नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को छापेमारी कर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें 8 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। साथ ही 453 नेपाली नागरिकों को सकुशल उनके देश नेपाल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना कसया, सर्विलांस सेल, स्वाट टीम तथा एसटीएफ गोरखपुर की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग कुशीनगर में किराए के मकान लेकर नेपाल के नागरिकों को बेहतर नौकरी और अधिक कमाई का लालच देकर भारत बुलाते थे तथा उनसे विभिन्न मदों में धन वसूलकर ठगी करते थे।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के ठिकानों पर छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 कूटरचित आधार कार्ड, 60 बॉन्ड पेपर, एक लैपटॉप, सोने-चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण, 60,320 रुपये भारतीय मुद्रा, 14,290 रुपये नेपाली मुद्रा तथा जॉर्डन की एक दिनार करेंसी सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह नेपाल के गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों को रोजगार, शिक्षा और नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर कुशीनगर बुलाता था। यहां पहले से तैयार फर्जी आधार कार्ड और बॉन्ड पेपर दिखाकर विश्वास में लिया जाता था तथा विभिन्न शुल्कों के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
पुलिस के अनुसार ठगी से प्राप्त धन को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। मामले में थाना कसया में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना कसया प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, स्वाट टीम प्रभारी स्वतंत्र सिंह, एसटीएफ गोरखपुर के उपनिरीक्षक यशवंत सिंह एवं विनायक सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी शनि दुबे सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर: के.एन.राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR