संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

टाइम्स ऑफ महराजगंज ब्यूरो
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा मुंडेरी में शनिवार देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे चौकीदार द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि गांव निवासी शिवानी चौधरी (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतका का शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा हुआ था। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल बन गया।

घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि नवविवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

मृतका की मां रम्भावती देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनकी पुत्री शिवानी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व पिपरा मुंडेरी निवासी सुनील चौधरी पुत्र पूर्णवासी चौधरी के साथ हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। तहरीर में यह भी कहा गया है कि पति सुनील चौधरी विदेश में रहकर फोन के माध्यम से दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाता था।

मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि ससुर पूर्णवासी चौधरी, सास विन्द्रावती देवी, भसुर सोनू चौधरी तथा जेठानी परमिला द्वारा प्रताड़ित किया जाता था और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर:रणजीत   मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ