ढेकही ग्राम सभा में मनरेगा हाजिरी घोटाले का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम सभा ढेकही में मुख्य सड़क से अमसही सिवान एवं बिंदा के खेत तक स्थित गाटा संख्या 306 पर 17 मई 2026 को कुलावा सफाई कार्य दर्शाया गया। आरोप है कि मस्टरोल संख्या 261 में छह मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि मनरेगा पोर्टल पर केवल एक मजदूर की फोटो अपलोड दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का दावा है कि अपलोड फोटो में जीपीएस लोकेशन भी प्रदर्शित नहीं हो रही है।
इसी तरह मस्टरोल संख्या 262 में चार मजदूरों की उपस्थिति दर्ज होने की बात कही गई है, लेकिन पोर्टल पर केवल एक फोटो अपलोड होने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों मस्टरोल में कुल 10 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज दिखाई गई, जबकि फोटो हाजिरी सिर्फ दो ही अपलोड हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से इसी प्रकार फर्जी उपस्थिति दर्ज कर भुगतान निकाले जाने का खेल चलता रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित कार्यस्थल की अचानक जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। उनका कहना है कि मौके पर किए गए कार्य और दर्ज मजदूरों की संख्या में बड़ा अंतर नजर आ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं की स्थिति सामने आ सकती है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी घुघली, राहुल सागर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अधिकारियों का पक्ष मिलने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR