स्वर्ण आयात नियंत्रण एवं अफवाहों के निराकरण हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक सम्पन्न

देशहित में स्वर्ण आयात नियंत्रण एवं अफवाहों के निराकरण हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक सम्पन्न

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर | खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी अस्थिरता के मद्देनजर देशहित में विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा देशवासियों से आगामी एक वर्ष तक सोने की खरीद एवं बिक्री में संयम बरतने की अपील की गई है। इसी क्रम में माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा भी उक्त अपील के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता पर बल दिया गया है।

इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सोने के आभूषणों की खरीद-बिक्री पर किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, बल्कि उद्देश्य केवल जनमानस में फैल रही अफवाहों और भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों तक सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की शंका उत्पन्न हो, उसे संवाद के माध्यम से तत्काल दूर किया जाए तथा प्रशासन एवं व्यापारी वर्ग मिलकर सकारात्मक एवं विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखें।

व्यापारियों ने आश्वस्त किया कि वे देशहित में सरकार की अपील के साथ पूर्ण रूप से सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुलियन, गोल्ड बार एवं ठोस सोने की खरीद को लेकर सुझावों का पालन किया जाएगा, जबकि आभूषणों के व्यापार में कोई बाधा नहीं है।

सर्राफा व्यापारी संघ ने स्वर्ण कारीगरों के हित में स्वर्णकला बोर्ड के गठन का सुझाव रखा, जिससे कारीगरों को रोजगार संरक्षण मिल सके।बैठक में पुलिस अधीक्षक की ओर से सुझाव दिया गया कि दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा सोना बेचने वाले ग्राहकों का पहचान विवरण (आधार कार्ड व मोबाइल नंबर) सुरक्षित रखा जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

अधिकारियों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ा है, ऐसे में सोने के अनावश्यक आयात पर नियंत्रण आवश्यक है। जिलाधिकारी ने आभूषण आधारित व्यापार एवं वैकल्पिक उत्पादों जैसे आर्टिफिशियल ज्वैलरी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त राज्य कर राजेश कुमार यादव, विकास विक्रम सिंह, डॉ. जितेन्द्र कुमार, सहायक आयुक्त राज्य कर कुमार अमित, श्रीमती सरिता यादव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश, अजय गुप्ता, अंशुमान बंका, अमित वर्मा, संतोष वर्मा, सचिन चौरसिया एवं अधिवक्ता आर.जी. गुप्ता, नवीन सिंघानिया सहित कई व्यापारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ