जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बढ़ाया उत्साह
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों अयान बिन लियाकत एवं सारिंसा द्विवेदी का उत्साहवर्धन किया और कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर मेहनत एवं अनुशासन बनाए रखना चाहिए, जिससे जनपद और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी माध्यम हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
जानकारी के अनुसार, स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया में प्रशिक्षक गिरीश सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे यूपी पब्लिक स्कूल खुखुंदू के कक्षा 7 के छात्र अयान बिन लियाकत ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में असम, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब एवं मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं सारिंसा द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिजोरम एवं पंजाब के खिलाड़ियों को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष संजय कनोडिया, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष संजय केडिया, महासचिव अजय जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
इस अवसर पर प्रशिक्षक कुंदन मणि, शालिनी शर्मा, पूजा सिंह, अशोक कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, माधव वर्मा, प्रियंका कुमारी, अंकित चौहान, आशीष सिंह, अभिमन्यु सिंह, रिंकू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर:ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR