जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने बाल गृह का किया निरीक्षण

जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने बाल गृह का किया निरीक्षण, बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा पर दिया जोर

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर  ब्यूरो

देवरिया। बाल गृह में रह रहे बच्चों की देखभाल, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए गठित जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने बाल गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश धनेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने बाल गृह में बच्चों के खानपान, साफ-सफाई, आवासीय व्यवस्था, शौचालय, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के पालन-पोषण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि बाल गृह में रहने वाले बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए। साथ ही जो बच्चे बाहरी विद्यालयों में पढ़ाई करना चाहते हैं, उनका प्रवेश नियमित स्कूलों में कराया जाए ताकि उन्हें बेहतर शैक्षिक माहौल मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि बाल गृह में वर्तमान समय में कुल 35 बच्चे रह रहे हैं। इनमें से 24 बच्चों का प्रवेश बाहरी विद्यालयों में कराया गया है, जहां वे नियमित अध्ययन कर रहे हैं। वहीं 9 विशेष बच्चों के लिए बाल गृह परिसर में ही शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन एवं रहन-सहन की जानकारी ली। बच्चों ने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। अधिकारियों को बताया गया कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के लिए कूलर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। निरीक्षण के समय बच्चे भोजन ग्रहण कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रज्ञा सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अर्चना प्रधान, मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए.के. गुप्ता, बाल गृह अधीक्षक रामकृपाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ