टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। जनपद पुलिस विभाग में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आठ उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन संबद्ध कर दिया गया, जबकि चार पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभिन्न थानों में तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, नगर कोतवाली की नगर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक धर्मेंद्र जैन, जखीरा चौकी प्रभारी भूपेंद्र प्रताप सिंह, चिउटहां चौकी प्रभारी अमित रंजन सिंह, फरेंदा थाना के उपनिरीक्षक मधुकर सिंह, कोल्हुई थाना के उपनिरीक्षक शहनवाज अहमद, पुरंदरपुर थाना के उपनिरीक्षक सर्वदेव खरवार, नौतनवा कस्बा चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता तथा निचलौल थाना के उपनिरीक्षक प्रधान यादव को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
एक साथ आठ उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किए जाने से विभागीय हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इस कार्रवाई के पीछे कोई विशेष कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम प्रशासनिक आवश्यकताओं तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
वहीं दूसरी ओर, चार पुलिसकर्मियों को नई तैनाती देते हुए विभिन्न थानों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश त्रिपाठी को कोल्हुई थाना से सिंदुरिया थाना भेजा गया है। आरक्षी राहुल तिवारी को भिटौली थाना से बृजमनगंज थाना तथा आरक्षी विपिन यादव को फरेंदा थाना से भिटौली थाना में तैनाती मिली है। इसके अलावा उपनिरीक्षक अरविंद यादव को पुरंदरपुर थाना से बृजमनगंज थाना स्थानांतरित किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR